पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। वीरवार रात सकेतड़ी रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समीप पार्क में हुए विवाद के दौरान जूस विक्रेता कपिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक कपिल एमडीसी सेक्टर-4 का निवासी था और जूस की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी कुछ युवकों से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष पार्क में पहुंचे थे, जहां करीब 20 से 25 युवक मौजूद थे।
बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल कपिल पार्क से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा। संयोग से मौके से गुजर रही डायल-112 टीम ने उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में सकेतड़ी निवासी अभिषेक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।