माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नगर निगम चुनाव के बीच शनिवार देर शाम सेक्टर-19 स्थित वार्ड नंबर-9 में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के चुनाव कार्यालय के बाहर उस समय शुरू हुआ, जब निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक प्रचार वाहन लेकर वहां से गुजर रहे थे। नारेबाजी को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
झड़प में निर्दलीय प्रत्याशी ममता स्वामी के भाई योगेश स्वामी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। वहीं भाजपा की ओर से निर्मला, हर्षित और राहुल को चोटें आई हैं। सभी घायलों का सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सेक्टर-19 चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।