पंचकूला। दो हजार एक्सटेंशन लेक्चरर्स 58 साल तक रोजगार की सुरक्षा, महंगाई भत्ता, वार्षिक वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इसे लेकर हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने धरनास्थल से एक्सटेंशन लेक्चरर्स के प्रतिनिधिमंडल को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर बुलाया। एसोसिएशन मेंबर शेर सिंह के नेतृत्व में सरोज दहिया, डॉ. प्रवीण ढांडा का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री के बुलाने पर उनके आवास पर चंडीगढ़ में मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को विस्तार से अपनी मांगें बताईं। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक्सटेंशन लेक्चरर्स की रोजगार सुरक्षा की मांग जायज है। जब हरियाणा सरकार 14000 गेस्ट टीचर्स को रोजगार की सुरक्षा दे सकती है तो एक्सटेंशन लेक्चरर्स को भी यह सुरक्षा मिलनी चाहिए। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने प्रधान सचिव हायर एजुकेशन आनंद मोहन सरण से फोन पर बात की और उनको निर्देश दिए कि किसी भी एक्सटेंशन लेक्चरर्स को नहीं हटाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्दी ही मुख्यमंत्री से मिलकर 2000 एक्सटेंशन लेक्चरर्स की सभी मांगों पर सकारात्मक फैसला लिया जाएगा। इस मीटिंग के बाद यह फैसला लिया गया है कि अब एक्सटेंशन लेक्चरर्स किसी आश्वासन से नहीं मानेंगे, जब तक हरियाणा सरकार एक्सटेंशन लेक्चरर्स की मुख्य मांगों का पत्र लिखित में जारी नहीं करती तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा।