तीन ऑपरेशन के बाद दर्ज कराई शिकायत, हादसे में कंधा और बाजू की हड्डियां टूटीं
इलाज का खर्च न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। माजरी चौक पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। लंबे इलाज और तीन ऑपरेशनों के बाद पीड़ित ने अब कार चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान सतीश कुमार निवासी राजपूताना मोहल्ला, शहजादपुर के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार 5 मई 2026 को सतीश कुमार अपने दोस्त सतपाल के साथ बाइक पर पंचकूला आ रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे माजरी चौक के पास पीछे से आई एक कार ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
हादसे में सतीश कुमार के बाएं कंधे और बाजू में गंभीर चोटें आईं, जबकि सतपाल के घुटने में मामूली चोट लगी। दोनों को सेक्टर-7 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार चालक ने इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अंबाला शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हाथ और कंधे की तीन जगह हड्डियां टूटने के कारण तीन ऑपरेशन किए गए।
स्वास्थ्य में सुधार के बाद सतीश कुमार ने पुलिस चौकी सेक्टर-21 में शिकायत देकर आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।