हथियार, हेरोइन, चरस और 28 लाख नकद बरामद, हत्या से लेकर स्नैचिंग तक के आरोपी दबोचे
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन-अप के तहत बीते 20 दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध हथियार सप्लाई, हत्या, चोरी, स्नैचिंग, धोखाधड़ी और शराब तस्करी जैसे मामलों में शामिल आरोपियों को पकड़कर भारी मात्रा में नकदी, हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में 15 नशा तस्कर, 6 हथियार तस्कर, 4 स्नैचिंग के आरोपी, 9 घरों में चोरी और सेंधमारी करने वाले, 3 वाहन चोर, 5 अन्य चोरी के आरोपी, 2 धोखाधड़ी के आरोपी, 4 हत्या के मामलों में शामिल आरोपी, 3 शराब तस्कर और एक भगोड़ा आरोपी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 देसी कट्टे, 3 देसी पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, 28 लाख 88 हजार रुपये नकद, करीब एक किलो चरस, 144 ग्राम हेरोइन, कोकीन और अवैध शराब बरामद की है। इसके अलावा स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और चोरी के वाहन भी बरामद किए गए हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन-अप का उद्देश्य अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ना, नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई पर रोक लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।