पंचकूला। देशव्यापी अभियान के तहत भारत को आर्थिक दृष्टि से समृद्ध और संपन्न बनाने के लिए जिले में स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबी भारत अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय भारत विकास परिषद भवन में 20 से अधिक संगठनों के पदाधिकारियों ने एक बैठक में लिया है। स्वावलंबी भारत अभियान के उत्तर क्षेत्र के समन्वयक डॉ. राजेश गोयल ने कहा कि अमेरिका और चीन प्रणित विश्व व्यापार युद्ध इस समय दुनिया और भारत के लिए बड़ा खतरा है। ऐसे में अपने भारत को सुरक्षित करने और आर्थिक प्रगति के मार्ग पर बढ़ाने का एक ही मार्ग है, और वह है स्वदेशी वस्तुएं अपनाना।
स्वदेशी जागरण मंच जिस विषय का पहले से आग्रह करता रहा है, उसे अब देश के प्रधानमंत्री ने भी अपने उद्बोधनों में सार्वजनिक रूप से रखना शुरू किया है। इस संदर्भ में सभी व्यापारिक, सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक संगठनों ने अमेजॉन और फ्लिपकार्ट का विरोध करने के लिए आग्रह किया है। पूरे देश में ही विदेशी छोड़ो, स्वदेशी अपनाओ का अभियान चलाना समय की जरूरत है। यह अभियान गांव, मोहल्ले, स्कूल, कॉलेज में छोटी-छोटी बैठकें, कार्यक्रम, सेमिनार आदि के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आग्रह करें।