पंचकूला। गुजरात के राजकोट में दर्ज एक किशोर और किशोरी के लापता और अपहरण के मामले को सुलझाने में पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मनसा देवी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुजरात से लापता हुए दोनों किशोरों को मानव कॉलोनी सकेतड़ी से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को गुजरात की पुलिस को बुलाकर उन्हें सौंप दिया है।
मनसा देवी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र नैन ने बताया कि 7 जुलाई को गुजरात के राजकोट से एक 12 साल की किशोरी और 17 साल का किशोर लापता हो गया था। 11 जुलाई को दोनों चंडीगढ़ पहुंचे और इसके बाद पंचकूला में मानव कॉलोनी के एक मकान में ठहरे हुए थे। पंचकूला पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो संदिग्ध किशोर मानव कॉलोनी इलाके में रह रहे हैं। इस पर 27 जुलाई को पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को काबू कर थाने लाया गया। पूछताछ के बाद उन्हें बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सदन भेजा गया और उनके परिजनों को गुजरात में सूचना दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और अपनी बहन के पास राजकोट गई हुई थी। वहीं, लड़का बिहार निवासी है और किसी कार्य के सिलसिले में वहीं रह रहा था। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और फिर यह कदम उठाया गया।
बताया जा रहा है कि किशोरी के अपहरण और लापता होने की एफआईआर 16 जुलाई को राजकोट सिटी, गुजरात में दर्ज की गई थी। पंचकूला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुजरात पुलिस से संपर्क किया और सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 28 जुलाई को दोनों किशोरों को सुरक्षित रूप से गुजरात पुलिस को सौंप दिया।