सरकारी काॅन्ट्रैक्टर के घर में थीं नौकरानी, 11.5 लाख रुपये और आईफोन बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लाखों की चोरी करने वाली दोनों नौकरानी बहनों को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों एक सरकारी काॅन्ट्रैक्टर के घर नौकरानी थीं। लाखों की चोरी कर देर रात फरार हो गई थीं। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर 11.52 लाख रुपये, एक आईफोन और एक अटैची बरामद कर ली है। पुलिस ने दोनों बहनों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है।
पीड़ित रंजन सिंह ने थाना मनसा देवी में घर की नौकरानी दोनों बहनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर में काम करने वाली दो बहनें 18 और 19 मई की रात अलमारी से लाखों रुपये, एक आईफोन और कीमती कपड़े चुराकर भाग गईं।
दिल्ली होते हुए पानीपत पहुंचीं, पुलिस ने किया ट्रैक
पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि दोनों नाबालिग पहले दिल्ली गईं, फिर वहां से पानीपत पहुंचीं और किराये का कमरा तलाशने लगीं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज और एसआई मंदीप सिंह के नेतृत्व में पहले दिल्ली और फिर पानीपत में दबिश दी, जहां से दोनों को पकड़ लिया।
बालश्रम के बारे में एफआईआर में कुछ भी स्पष्ट नहीं
वहीं दो नाबालिग बहनों से नौकरानी का काम लिए जाने के मामले में पुलिस ने दर्ज एफआईआर में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। प्रशासन बालश्रम के खिलाफ आए दिन बयान जारी करता है, लेकिन सरकारी ठेकेदार के घर में ही नाबालिग बहनों से काम लिया था। इस पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई बयान नहीं आया है।