इसमें हादसे का कारण और उससे बचाव के उपायों पर इनपुट मांगा गया है।
चालक की सूझबूझ से बची जान, हाईवे एक घंटे बंद
बागवाली फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर बने गांव बागवाली फ्लाईओवर पर दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब तेज रफ्तार से गुजर रही एक एमजी हेक्टर कार अचानक आग की लपटों में बदल गई। कार चालक अजीत सिंह, निवासी जिला मोहाली (पंजाब), पंचकूला से यमुनानगर की ओर जा रहा था। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही कार के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई।
स्थिति को भांपते हुए अजीत सिंह तत्काल कार से बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। उसने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
आग लगने के दौरान सुरक्षा के तहत पुलिस ने हाईवे पर दोनों ओर यातायात गोलपुरा और कक्कड़ माजरा के पास रोक दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को दोबारा सुचारु कर दिया गया। दुर्घटना के कारण राहगीरों में दहशत का माहौल बना रहा।