पंचकूला। सेक्टर-11/12 की डिवाइडिंग रोड पर मंगलवार की शाम एक मर्सिडीज कार चालक ने ईको स्पोर्ट्स कार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे ईको स्पोर्ट्स कार चालक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। महिला के पांव और छाती में गंभीर चोटें लगी हैं। हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़ ने घायल महिला को कार से बाहर निकाल कर सिविल अस्पताल-6 पहुंचाया। घायल की पहचान नीलू पाहवा के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस पूछताछ में मर्सिडिज कार के चालक की पहचान सिद्धार्थ के रूप में हुई है। पुलिसकर्मी आरोपी आरोपी कार चालक को सिविल अस्पताल-6 ले गए। मामले की गंभीरता को भांप एसीपी ओम प्रकाश बिश्नोई भी सिविल अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि ईको स्पोर्ट्स कार चालक महिला को नगर निगम चौक की तरफ से सेक्टर-12 की तरफ मुड़ना था। जबकि मर्सिडिज कार के चालक को तवा चौक से अगले लाइट प्वाइंट से नगर निगम की तरफ जाना था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि मर्सिडिज कार की रफ्तार धीमी होती और डिवाइडर पर ग्रिल नहीं लगी होती तो यह हादसा टल भी सकता था। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।