चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों के साथ बुधवार को होने वाली बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेगा। इस अंतरराज्यीय बैठक के एजेंडे को लेकर मंगलवार को यूटी सचिवालय में पंजाब के गवर्नर और यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने अधिकारियों से बातचीत की। पंजाब और हरियाणा के सामने चंडीगढ़ ट्रैफिक, कानून व्यवस्था समेत सुखना के वेटलैंड एरिया का मुद्दा भी उठाएगा।
चंडीगढ़ में पंजाब व हरियाणा से पहुंचे गैंगस्टर्स ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। इसको लेकर एजेंडा के अनुसार ट्राइसिटी पुलिस का एक स्पेशल यूनिट तैयार करने पर भी चर्चा की जाएगी, जो अंतरराज्यीय गैंगस्टर्स पर लगाम कसने में सक्षम होगा। इसके अलावा ट्राइसिटी में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम को और बेहतर बनाने को लेकर सुझाव लिए जाएंगे। ट्रैफिक संबंधित मसलों पर भी बातचीत होने के आसार हैं। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला की सड़कों पर स्पीड लिमिट को लेकर और चंडीगढ़, जीरकपुर बैरियर पर ट्रैफिक कंजेशन को लेकर, ट्राइसिटी में बिना रजिस्ट्रेशन ऑटो रिक्शा चलने, ऑटो चालकों के लिए क्यू आर कोड अनिवार्य करने पर भी चर्चा होगी।
रिंग रोड पर भी होगी अंतरराज्यीय बैठक में चर्चा
बैठक में पंजाब के मास्टर प्लान में मोहाली व जीरकपुर से इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पंचकूला को जोड़ने का जिक्र है, लेकिन अभी भी सड़क कई जगह पूरी नहीं बन पाई है, जिसकी वजह से लोग चंडीगढ़ के बीच से गुजरते हैं। रिंग रोड को लेकर भी चर्चा होने के आसार हैं। आउटर रिंग रोड को लेकर भी मीटिंग में बातचीत होगी। इसे चंडीगढ़ में ट्रैफिक कंजेशन कम किए जाने का प्लान है। ट्राइसिटी में भिखारियों की समस्या और हेल्थ रेफरल मामले को लेकर भी चर्चा होगी। इसके अलावा सुखना लेक, चंडीगढ़ मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली की तरह पब्लिक प्लेसिस का सिक्योरिटी ऑडिट, यूपी की तरह वुमन व चिल्ड्रन सेफ्टी के लिए 1090 टोल फ्री नंबर सेट करने पर भी बातचीत होगी।
सरकारी मकानों को लेकर ली जानकारी
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंगलवार को मीटिंग के दौरान हाउस अलॉटमेंट कमेटी के सदस्यों व इंचार्ज डॉ. अजय कुमार सिंगला के साथ बातचीत की। सेंट्रल इंप्लाइज हाउसिंग को लेकर बदनौर ने जानकारी ली। सेक्टर-19 के सरकारी मकानों के बारे में उन्होंने जानकारी ली।