चंडीगढ़। शराब की तस्करी व नकली शराब के गोरखधंधे पर लगाम लगाने के लिए वीरवार को पंजाब-हरियाणा व यूटी के एक्साइज व टैक्सेशन विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में अवैध शराब के इस्तेमाल को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में यह तय हुआ कि इसके लिए कई जगह नाके लगाए जाएंगे और सभी राज्यों के विभागों द्वारा सूचना सांझी की जाएगी, ताकि तेजी से कार्रवाई की जा सके।
बैठक में पटियाला, मोहाली, अंबाला, पंचकूला व चंडीगढ़ के एक्साइज व टैक्सेशन विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान शराब की तस्करी को रोकने के लिए इन जिलों के मुख्य एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर नाके लगाए जाएंगे। इसके अलावा नकली शराब को लेकर भी टीमें चेकिंग और आपस में सूचना साझी करेगी।
असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर आरके चौधरी ने बताया कि ज्वाइंट एक्शन कमेटी की वीरवार को मीटिंग हुई थी। इसमें प्रमुख रूप से हरियाणा चुनाव को लेकर सभी राज्यों के विभागों को कमर कसने के लिए बोला गया है। इस दौरान शराब तस्करी पर नजर रखी जाएगी और इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने बार्डर एरिया में टीमें तैनात करेंगे, ताकि ऐसे केसों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके।