पंचकूला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वैक्सीनेशन, परिवार पहचान पत्र के तहत कास्ट वेरिफिकेशन और डीएपी की उपलब्धता को लेकर राज्य के सभी जिला उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं कोविड वैक्सीनेशन को मॉनिटर कर रहे हैं। प्रदेश में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि 31 दिसंबर से पहले कोविड वैक्सीन की पहली डोज हर पात्र व्यक्ति को लगा दी गई हो। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग के साथ स्वयंसेवकों और गैर सरकारी संस्थाओं का सहयोग लिया जाए। सभी पात्र व्यक्तियों को पहली डोज देने के मामले में हरियाणा बड़े राज्यों में देश का पहला राज्य बनना चाहिए। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि जिला में कोविड टीकाकरण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
जिला में कोविड टीकाकरण की प्रथम डोज लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जबकि, जिला के 60 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि कास्ट वेरिफिकेशन के कुल 61 हजार मामलों में से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में केवल 38 प्रतिशत मामले शेष रह गए हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
120 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध
डीएपी की उपलब्धता के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिला में 645 मीट्रिक टन डीएपी के स्टॉक में से इस समय 120 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है और अतिरिक्त 750 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक 13 नवंबर तक आने की संभावना है। फिलहाल जिला में पर्याप्त डीएपी उपलब्ध है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ मीनू सासन, हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. सुरेन्द्र सिंह यादव और डॉ. मनकीरत उपस्थित थे।