अक्शदीप को पांच लाख का चेक सौंपते पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर।
- फोटो : डीपीआर पंजाब
पेरिस ओलंपिक्स की तैयारी के लिए खेल मंत्री ने दी खिलाड़ी को राशि
अक्षदीप के साथ मुलाकात करके हर संभव मदद का दिलाया विश्वास
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने रांची में 20 किलोमीटर पैदल चलने में नए नेशनल रिकॉर्ड के साथ ओलंपिक और एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई हुए एथलीट अक्षदीप सिंह को पेरिस ओलंपिक्स की तैयारी के लिए पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। खेल मंत्री ने शनिवार को यहां चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर अक्षदीप सिंह के साथ मुलाकात करके उनका सम्मान करते हुए यह चेक भेंट किया।
मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर पेरिस ओलंपिक खेल-2024 के लिए क्वालीफाई हुए पहले भारतीय एथलीट का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री का यही कहना है कि खिलाड़ी को पदक जीतने के बाद सम्मानित करने से उसे खेल की तैयारी के लिए नकद इनाम देना और भी महत्वपूर्ण है, जिसके लिए उनकी हिदायतों पर यह सम्मान दिया गया है। खेल मंत्री ने अक्षदीप सिंह को पंजाब सरकार की तरफ से हर तरह की मदद का विश्वास दिलाते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को मान-सम्मान देने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
गौर हो कि अक्षदीप पेरिस ओलंपिक्स के लिए क्वालीफाई होने वाले देश के पहले एथलीट हैं। बरनाला जिले के गांव काहनेके के रहने वाले अक्षदीप सिंह ने रांची में नेशनल वॉकिंग चैंपियनशिप में 20 किलोमीटर पैदल चलने में 1:19:55 मिनट के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। उन्हें सम्मानित करने के मौके पर खेल विभाग पंजाब के डायरेक्टर अमित तलवार और अक्षदीप सिंह के कोच गुरदेव सिंह भी मौजूद थे।