पंचकूला। सेक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल में मदर एंड चाइल्ड केयर बिल्डिंग में पिछले एक महीने से बार बार ओवर फ्लो हो रहे सीवरेज की समस्या मंगलवार को भी डाक्टरों और मरीजों के लिए मुसीबत बनी रही। सुबह से शाम तक एमसीएच की ओपीडी में दुर्गंध होने से डाक्टर और मरीज कमरों में नहीं बैठे। डाक्टरों को मजबूर होकर एमसीएच के कोरिडोर में खुले में ओपीडी में पेशेंट्स की जांच करनी पड़ी।
बता दें कि सीवरेज के बार बार ओवर फ्लो होने की वजह अभी तक न तो अस्पताल के मेंटेनेेंस विंग को पता लग पाई है और न ही स्वास्थ्य विभाग इसकी पीडब्ल्यूडी से सही से जांच करवा पाया है। एक महीने में ओपीडी में 4 बार पानी ओवर फ्लो होने की वजह से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। पीएमओ डा. आरएस चौहान ने मेंटेंनेंस विंग को समस्या को ठीक करने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि एमसीएच की बिल्डिंग की पांचों मंजिलों की पाइपें प्लास्टिक की बोतलें फेंकने से जाम हो गई। बीते महीने पहली बार जाम होने पर सीवरेज को जब ठीक किया गया तब उसमें से प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरा फंसा हुआ था।