पंचकूला। जिले में अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने अब खनन विभाग, पुलिस और एनफोर्समेंट ब्यूरो को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक सात माह के दौरान अवैध खनन गतिविधियों में शामिल 200 वाहनों को जब्त किया गया है। वहीं, 1 करोड़ 12 लाख 38 हजार 248 रुपये जुर्माना वसूला गया है। इस अवधि में अवैध खनन के 24 एफआईआर एट साइट और अवैध परिवहन के खिलाफ 115 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। खनन विभाग और पुलिस आपसी तालमेल से कार्रवाई करें और अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को जब्त करने के साथ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाए। उपायुक्त ने खनन विभाग को पुलिस के साथ मिलकर संभावित अवैध खनन स्थलों पर नाकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इन नाकों पर रोटेशन के आधार पर 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और उनकी नियमित निगरानी भी होगी। विशेष रूप से कालका उपमंडल के गांव पपलोहा और चरनियां में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम और नगर परिषद की भी तय होगी जिम्मेदारी
अवैध खनन पर नजर रखने के लिए अब ग्राम पंचायतों के साथ नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिस प्रकार गांवों के सरपंचों को अवैध खनन की सूचना प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं, उसी तरह शहरी क्षेत्रों में भी संबंधित निकाय निगरानी रखेंगे और गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। बैठक में जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिले में करणपुर, कोट, श्यामटू-1, श्यामटू-2, नग्गल, मंडलाय-1 और बड़ौना खुर्द में कुल सात खनन ब्लॉक आवंटित हैं। उपायुक्त ने सभी ब्लॉकों में निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अप्रैल से अक्टूबर के दौरान अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास के बिना चलने वाले 161 वाहन भी जब्त किए गए और 37 लाख 54 हजार 320 रुपये जुर्माना वसूला गया।