वार्ड-1 को दी करोड़ों की सौगात, खेल सुविधाओं से लेकर आधारभूत ढांचे का होगा विकास
लॉन टेनिस, बैडमिंटन कोर्ट, स्वागत द्वार और श्मशान घाट पर शौचालय परिसर का उद्घाटन
महापौर बोले - 400 करोड़ के कार्यों से बदला शहर का स्वरूप
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नगर निगम पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने शुक्रवार को वार्ड नंबर-1 में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने सबसे पहले स्टेडियम में निर्मित आधुनिक लॉन टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया। इन नई खेल सुविधाओं से स्थानीय युवाओं और बच्चों को बेहतर वातावरण में अभ्यास का अवसर मिलेगा। महापौर ने कहा कि निगम का लक्ष्य हर वार्ड में खेलों को बढ़ावा देना और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसके बाद महापौर कुलभूषण गोयल ने वार्ड में बने श्मशान घाट पर तैयार शौचालय परिसर का भी लोकार्पण किया, जिससे वहां आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल मिलेगा। इसके साथ ही वार्ड नंबर-1 में बनाए गए नए स्वागत द्वार का उद्घाटन कर क्षेत्र को एक नई पहचान और सौंदर्य प्रदान किया गया।
महापौर ने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक करीब 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। इन कार्यों से नागरिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है और शहर की आधारभूत संरचना मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि खेल संरचनाओं, सफाई व्यवस्था और पार्कों में क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे पंचकूला में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है।
वार्ड में हुए विकास कार्यों से लोग संतुष्ट : पार्षद
वार्ड पार्षद नरेंद्र पाल सिंह लुबाना ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में वार्ड नंबर-1 में करोड़ों रुपये के कार्य पूरे हुए हैं। स्थानीय निवासियों को बेहतर सड़कें, पार्क, नालियां, स्ट्रीट लाइट और खेल सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोग भाजपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों से संतुष्ट हैं और आने वाले समय में भी पंचकूला का चहुंमुखी विकास भाजपा की अगुवाई में ही होगा।