हथियार–शराब तस्कर, फरार अपराधी और जुआरी दबोचे
कट्टा, नकदी, मोटरसाइकिलें और अवैध शराब बरामद, जरूरतमंदों को भी पहुंचाई मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत पंचकूला पुलिस ने जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले चार दिनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के 101 चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर व्यापक कोबिंग की और कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हथियार तस्कर, शराब तस्कर, चोर, जुआरियों सहित 9 फरार आरोपी भी शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 1 देशी कट्टा, 1 कारतूस, 6 मोटरसाइकिलें, 1 लाख 18 हजार रुपये नकद, 80 पव्वे अवैध शराब और एक टैंकर बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने एक आरोपी का पासपोर्ट रद्द कराने के लिए प्रस्ताव भी भेजा है, ताकि वह विदेश भागकर कानून से बच न सके।
अभियान के दौरान दो गन हाउसों की औचक जांच भी की गई, जिनमें लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की गई। क्राइम ब्रांच, थाना और चौकी स्तर की टीमों ने संयुक्त रूप से इस कोबिंग ऑपरेशन में हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बढ़ी हुई गश्त और तलाशी के कारण हॉटस्पॉट क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगी है।
जरूरतमंदों तक भी पहुंची पुलिस
अभियान के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया। कड़ाके की सर्दी में पुलिसकर्मियों ने गरीब, बेसहारा और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों तक गर्म कपड़े, कंबल और राहत सामग्री पहुंचाई। टीमें रातभर सड़कों, बस स्टैंड, खाली प्लॉटों और झुग्गियों में जाकर जरूरतमंद लोगों को खोजती रहीं और उन्हें ठंड से बचाव का सामान उपलब्ध कराया। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच भरोसा और भी मजबूत होता है।