हनुमान जी की 108 फुट ऊंची मूर्ति बनाई जाएगी
एचएसवीपी के इंजीनियरिंग विंग ने पहले चरण के साथ साथ दूसरे चरण का भी काम शुरू कर दिया है। कंसलटेंट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंसलटेंट हायर होते ही दूसरे चरण में हनुमान वाटिका का काम शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। प्रोजेक्ट के अनुसार श्राइन स्थल पर हनुमान जी की 108 फुट ऊंची मूर्ति (बैठी हुई मुद्रा में) बनाई जाएगी। यह मूर्ति इतनी विशाल होगी कि एक किलोमीटर दूर से भी आसानी से दर्शन किए जा सकेंगे। हनुमान वाटिका में पेड़-पौधों के अलावा फव्वारे लगाए जाएंगे। लाइटिंग का प्रबंध होगा ताकि यहां आने वाले लोगों को सुकुन मिल सके। इस प्रोजेक्ट पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
200 साल से भी अधिक पुराने मंदिर के गुंबद अब नागर शैली में बनाने की योजना
200 साल से भी अधिक पुराने मंदिर के गुंबद अब नागर शैली में बनाने की योजना है। वहीं हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए इस स्थल के एक हिस्से को व्यावसायिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां अलग से शॉपिंग कांप्लेक्स बनाया जाएगा। यहां बस स्टॉप का भी निर्माण किया जाएगा। वाहनों और पैदल चलने वालों के लिए अलग रास्ते का निर्माण भी शामिल है। ओपन एयर थिएटर में लगभग 500 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। दर्शनार्थियों के लिए ओपन एयर थिएटर में लेजर शो शुरू करने का भी प्रस्ताव है। यह काम तीसरे चरण में होगा।
साढ़े पांच करोड़ की लागत से श्री माता मनसा देवी मंदिर को काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने के लिए पहले चरण का काम शुरू कर दिया गया है। इस काम को तीन माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। -एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी पंचकूला