फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने पाया काबू, अवैध कबाड़ी दुकानों पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। डेरा बस्सी मार्ग पर एयर फोर्स स्टेशन की बाउंड्री के साथ बने कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग का धुआं कस्बे में फैलने से लोग घबरा गए।
राहगीरों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और एयर फोर्स स्टेशन की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
बरवाला सरपंच ओम सिंह राणा ने बताया कि गोदाम मालिक दलवीर को पहले भी खुले में कबाड़ न रखने के लिए चेताया गया था, क्योंकि एयर फोर्स स्टेशन की नजदीकी के कारण आगजनी का खतरा बना रहता है। बावजूद इसके निर्देशों की अनदेखी की गई, जिसका नतीजा यह हादसा रहा।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिना लाइसेंस के सैकड़ों कबाड़ी दुकानें संचालित हो रही हैं जहां अवैध गतिविधियां भी हो रही हैं। कई जगह कबाड़ को जलाकर धातु निकालने का काम किया जाता है, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से चल रही कबाड़ी दुकानों और गोदामों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।