फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, तीन घंटे का लगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। महानगर के बहादुर के रोड स्थित खजूर वाली गली में आरवी निट्स इंडिया की प्रिंटिंग यूनिट में भीषण आग लग गई। रविवार को लगी इस आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में काला धुआं छा गया और हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची। उन्होंने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। विस्तृत छानबीन भी जारी है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग के सही कारण का पता लगाने में जुटे हैं। गनीमत रही कि आग का दायरा केवल जमीनी स्थल तक ही सीमित रहा। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की घटना :
रविवार को आरवी निट्स इंडिया के प्रिंटिंग यूनिट में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे सभी मजदूर बाहर आ गए। मजदूरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
बचाव कार्य और जांच :
मजदूरों की सूचना पर फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही एक-एक कर सात गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मचारियों को पानी की कमी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों से सहायता ली। प्रशासन नुकसान के आकलन के साथ विस्तृत जांच कर रहा है।