पंचकूला सेक्टर-20 में त्रिवेणी सोसायटी में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे चार नकाबपोश संदिग्धों के आने से हड़कंप मच गया। चारों एक फ्लैट के बाहर पहुंचे और डोर बेल बजाने के बाद कुछ ही देर में वहां से फरार हो गए। जिस फ्लैट की बेल बजाई गई, उसमें बुजुर्ग दंपती रहती है।
परिजनों के अनुसार, बेल बजाने के बाद घर के अंदर से कोई प्रतिक्रिया आने से पहले ही संदिग्ध वहां से निकल गए। फिलहाल घटना में चोरी, मारपीट या जबरन घर में प्रवेश की कोई सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोसायटी प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में चार संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस को फुटेज उपलब्ध करवा दी गई है। पुलिस अब संदिग्धों के चेहरे और उनके आने-जाने के रास्ते की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
सेक्टर-20 में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मई 2026 में एक फ्लैट का ताला तोड़कर नकदी, विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी दस्तावेज चोरी किए गए थे। ऐसे में तड़के चार बजे नकाबपोशों के सोसायटी में पहुंचने से स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ गई है।
रेकी का शक, जांच के बाद होगा खुलासा
रात के समय चार लोगों का नकाब पहनकर सोसायटी में पहुंचना और एक फ्लैट की डोर बेल बजाना पुलिस के लिए भी जांच का विषय है। संदिग्ध किसी व्यक्ति को तलाशने आए थे या किसी फ्लैट की रेकी कर रहे थे, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है।