चंडीगढ़। राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भज्जी ने गत दिवस केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने पंजाब के यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई रेल मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। भज्जी ने हरिद्वार, श्री हजूर साहिब और दिल्ली के लिए पंजाब से रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की।
उन्होंने नई ट्रेनों के संचालन और मौजूदा सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया। सांसद ने अंदौरा और दौलतपुर चौक से चलने वाली ट्रेन सेवाओं का विस्तार होशियारपुर के टारटोली तक करने का अनुरोध किया। इससे होशियारपुर और आसपास के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। भज्जी ने पंजाब में रेल नेटवर्क मजबूत करने और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने धार्मिक स्थलों के लिए सीधी रेल सेवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। रेल मंत्री से इन मांगों पर जल्द आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।