अभयपुर में तड़के हुआ हादसा, बिहार निवासी 45 वर्षीय रमेश की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
नौकरी के सिलसिले में पंचकूला आया था, रिश्तेदार के घर ठहरा हुआ था
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गांव अभयपुर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में तीसरी मंजिल की बालकनी से गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी रमेश के रूप में हुई है। वह कुछ समय पहले ही नौकरी के सिलसिले में पंचकूला आया था और गांव अभयपुर में अपने रिश्तेदार के पास रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे रमेश बालकनी में सो रहा था। इसी दौरान उसे अचानक उल्टियां होने लगीं। बताया जा रहा है कि उल्टियां करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बालकनी की ग्रिल से नीचे जा गिरा।
हादसे में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन की ओर से सेक्टर-20 थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को बिहार में सूचना दे दी गई है। उनके पंचकूला पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच जारी है।