पंचकूला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की 10वीं की परीक्षा में माली के बेटे ने जिला टाप किया है। श्री जैनेंद्र गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी शुभम ने 493 अंकों के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 98.6 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
शुभम ने पांच घंटे की नियमित पढ़ाई
श्री जैनेंद्र गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के स्टूडेंट्स शुभम ने बताया कि पांच घंटे नियमित पढ़ाई करता था। वह तनाव मुक्त रहने के लिए पेंटिंग और गार्डनिंग का काम करता था। शुभम ने बताया कि उसके रोल मॉडल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वह उनके सभी भाषणों और मन की बात को ध्यान से सुनता है। वह एक अच्छा आर्किटेक्ट बनना चाहता है। उनका परिवार खड़क मंगोली में रहता है। शुभम मौर्य ने बताया कि उसके पिता राज बहादुर माली का काम करते हैं। वहीं उनकी मां मालती देवी हाउस वाइफ हैं। शुभम ने बताया कि उसने फोकस होकर पढ़ाई की तब उसने यह सफलता हासिल की है। शुभम ने बताया कि दो पेपर नहीं होने से शुरू में टेंशन बढ़ गया था, लेकिन बाद में शिक्षा विभाग की तरफ से स्वयं ही नंबरों का मूल्यांकन इंटरनल मार्किंग के आधार पर किया गया। श्री जैनेंद्र पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल रेनू शर्मा ने बताया कि स्टूडेंट्स ने कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल की है।