फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओलंपिक में पंजाब और देश का नाम रोशन करो : राणा सोढी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने जाने वाले पंजाब के एथलीटों को अपने प्रदर्शन के जरिए राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान करते हुए खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा है कि सूबे को पूरी उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी टोक्यो से बड़ी संख्या में पदक जीतकर लौटेंगे।
विज्ञापन

शुक्रवार को पंजाब के खिलाड़ियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा बातचीत करते हुए शूटिंग के प्रसिद्ध खिलाड़ी रहे राणा सोढी ने टोक्यो जा रहे पंजाब के खिलाड़ियों को इस खेल महाकुंभ के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने और जरूरी साजोसामान की खरीद-फरोख्त के लिए पांच-पांच लाख रुपये दिए। इस तरह इन खिलाड़ियों को 1 करोड़ 30 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
प्रत्येक खिलाड़ी के लिए आर्थिक मदद का एलान करते हुए राणा सोढी ने कहा कि उम्मीद है कि टोक्यो ओलंपिक में भारत की तरफ से करीब 190 सदस्यीय दल भाग लेगा। इसमें से 100 एथलीट पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं। इनमें 56 पुरुष और 44 महिलाएं हैं। हमें उम्मीद है कि 25 से 30 और एथलीट 23 जुलाई से शुरू हो रहे इन खेलों के लिए क्वालीफाई करेंगे। भारतीय ओलंपिक दल में पंजाब की बड़ी नुमाइंदगी होगी क्योंकि अब तक पंजाब के 26 एथलीट क्वालीफाई कर चुके हैं।
विज्ञापन

इस मौके पर राणा सोढी के साथ महाराजा भुपिंदर सिंह पंजाब खेल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवामुक्त) डॉ. जगबीर सिंह चीमा, रजिस्ट्रार कर्नल नवजीत सिंह संधू, खेल विभाग के प्रमुख सचिव खेल और युवक सेवाएं राज कमल चौधरी, विशेष सचिव-कम-डायरेक्टर डीपीएस खरबंदा, पीआईएस डायरेक्टर अमरदीप सिंह और संयुक्त सचिव करतार सिंह मौजूद थे।
ओलंपिक स्वर्ण विजेता को पंजाब सरकार देगी 2.25 करोड़ रुपये
पंजाब सरकार द्वारा खिलाड़ियों से किया वादा दोहराते हुए राणा सोढी ने बताया कि ओलंपिक में पंजाब के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 2.25 करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने वाले को 1.5 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये व सरकारी नौकरी दी जाएगी। हमें आशा है कि पंजाब के अधिक से अधिक खिलाड़ी पदक सूची में अपना नाम दर्ज करवाएंगे और हॉकी का खेल इसमें अग्रणी होगा। भारतीय हॉकी टीम में आधे से अधिक खिलाड़ी पंजाब के चुने जाने की संभावना है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में इन खिलाड़ियों से मिले खेल मंत्री
शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए, मनप्रीत सिंह (हॉकी कप्तान), अकाशदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह, कृष्ण पाठक, वरुण कुमार, गुरिंदर सिंह, मनदीप सिंह, जरमनप्रीत सिंह, समशेर सिंह, गुरसाहिबजीत सिंह, रुपिंदरपाल सिंह, रमनदीप सिंह, हार्दिक सिंह, सिमरनजीत सिंह, जसकरन सिंह, गुरजंट सिंह और दिलप्रीत सिंह (सभी हॉकी खिलाड़ी), राजविंदर कौर, गुरजीत कौर और रीना खोखर (महिला हॉकी खिलाड़ी), सिमरनजीत कौर (मुक्केबाजी), अंजुम मौदगिल (शूटिंग), अंगद वीर सिंह बाजवा (शूटिंग), कमलप्रीत कौर (डिस्क थ्रो), तेजिंदरपाल सिंह तूर (शॉटपुट) और पलक कोहली (पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी) ने अपने माता-पिता के साथ विभिन्न जिलों से खेल मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया और अपनी खेल तैयारियों व रणनीति पर चर्चा की।
हरदीप कौर खेल विभाग में बतौर कराटे प्रशिक्षक निभाएंगी सेवा
खेल मंत्री राणा सोढी ने जिला मानसा की 23 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी हरदीप कौर को बतौर कराटे प्रशिक्षक की नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह अपने पैतृक गांव गुरने कलां में धान की बुवाई के लिए मजदूर के तौर पर काम करने के लिए मजबूर थी। राणा सोढी ने कहा कि कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हरदीप कौर को दो साल पहले सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन क्योंकि कोरोना महामारी के कारण सभी को घरों में बंद रहने के लिए मजबूर होना पड़ा और हरदीप कौर विभाग में अपने पूरे दस्तावेज जमा नहीं करवा सकी थीं, इसलिए उसकी नियुक्ति में देरी हुई है। खेल मंत्री ने हरदीप कौर को विश्व स्तरीय खेल के लिए तैयारी करने के लिए प्रेरित किया और भविष्य में हर संभव सहायता देने का भरोसा भी दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें