पंचकूला। पुलिस ने मुख्य गांजा तस्कर नरेंद्र उर्फ गोलू निवासी तहसील समालखा, पानीपत हरियाणा को पंचकूला से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-14 में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि राजेश कुमार उर्फ काला गांजा की खेप नरेंद्र से खरीदकर ट्राइसिटी में बेचता था। नरेंद्र गांजा की खेप उड़ीसा के जंगल से लाता था। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया है।
बता दें कि तीन जून को एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज की अगुवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने टीम के साथ गांजा तस्करी में आरोपी राजेश कुमार उर्फ काला को सेक्टर-15 से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर इसकी निशानदेही पर मुख्य गांजा तस्कर नरेंद्र उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ये नशा तस्कर गांजा की खेप के छोटे पैकेट बनाकर ट्राइसिटी में सप्लाई करते थे। पुलिस ने कहा कि अब टीम इन तस्करों की निशानदेही पर ग्राहकों तक पहुंचेगी। वहीं आरोपी के बैंक खाते और मोबाइल भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे इनका नेटवर्क पता चल सके। हमारी टीम अब उड़ीसा गई है वहां भी हमें गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।