संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। बरवाला क्षेत्र के गांवों में सोमवार को भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिरों में हवन-यज्ञ, ध्वजारोहण और भंडारों का आयोजन किया गया।
बरवाला कस्बे में वाल्मीकि सर्व एकता सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को जयंती की शुभकामनाएं दीं और भव्य शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।
बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई शोभायात्रा में भगवान शिव की बारात, मां काली, लव-कुश और राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महर्षि वाल्मीकि जी की पालकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा बाजार, बस स्टैंड और फिरनी मार्ग से होते हुए मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
वहीं, गांव खटौली के वाल्मीकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने पूजा-अर्चना कर लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर प्रेम व सद्भावना से रहने का संदेश दिया। इसके अलावा भरेली, नयागांव, जलौली, बतौड़, रतेवाली सहित अनेक गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।