संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। खंड के गांव बतौड़ में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्हें पुष्प अर्पित किए और नमन किया। कार्यक्रम के दौरान हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें गांववासियों ने आहुतियां डालीं। इसके बाद भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में गांव के पूर्व सरपंच एवं समाजसेवी लक्ष्मण बतौड़, एडवोकेट मनीष कुमार, कृष्णपाल, सतपाल राणा, रामकुमार, रणवीर सिंह, सुरेश पाल, अजय, विशाल और निर्मल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व महिलाएं मौजूद रहीं।
इस अवसर पर लक्ष्मण बतौड़ ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि महान ऋषि और रामायण महाकाव्य के रचयिता थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को सत्य, धर्म और सदाचार का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाने और आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।