संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। एक मिस्त्री पर वाशरूम में हिडन कैमरा लगाकर महिला और उसकी बेटियों की आपत्तिजनक वीडियो बनाने और महिला को ब्लैकमेल करके अवैध संबंध बनाने के मामले में केस दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपी की पहचान गुरदीप सिंह के रूप में की गई है। जिस पर वीडियो से महिला को ब्लैकमेल करने और इन्कार करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है। इसके बाद महिला के साथ उसने अवैध संबंध बनाए।
एएसआई परमजीत सिंह के अनुसार, यह घटना करीब तीन साल पुरानी है। पीड़िता के पति ने घर में फर्नीचर का काम करवाने के लिए आरोपी को बुलाया था। पति खेत में और बच्चे स्कूल में होते थे तभी आरोपी ने बाथरूम में गुप्त कैमरा लगा दिया। उसने कैमरे को अपने मोबाइल से कनेक्ट कर लिया। आरोपी ने महिला को अकेला पाकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो दिखाई। उसने महिला को धमकाया कि उसने उसकी बेटियों की वीडियो बनाई। वह महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने लगा। मानसिक तनाव से महिला की सेहत बिगड़ने लगी। वर्ष 2025 में आरोपी ने उसे होटल में बुलाकर फिर से शारीरिक शोषण किया। जब महिला ने मिलने से मना किया तो आरोपी ने कुछ तस्वीरें वायरल कर दीं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसको अदालत में पेश कर रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी।