अभय गुर्जर यूथ क्रिकेट टूर्नामेंट में पिंजौर रही रनरअप, युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। सूरजपुर गांव में अभय गुर्जर यूथ क्लब की ओर से अभय गुर्जर यूथ क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में जिला पंचकूला के अलावा हिमाचल प्रदेश सहित दर्जनों क्रिकेट टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बार आयोजित यह क्लब का पांचवां क्रिकेट टूर्नामेंट रहा।
कार्यक्रम में इंटक के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं समाजसेवी भूपेंद्र सिंह बब्बू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अभय गुर्जर यूथ क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों आमीन, दीपू, बिंदु, अभिनव, करतार, आदित्य, यासिन, रफीक, जमील, मुसाफिर सहित अन्य युवाओं ने हार पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर बाबा रामपाल सोढ़ी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह बब्बू ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी का नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों की ओर ध्यान देना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मड़ावाला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि पिंजौर क्रिकेट टीम को रनरअप से संतोष करना पड़ा। विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। देर रात तक चले मुकाबलों के बाद टूर्नामेंट का समापन हुआ।