पंचकूला। लोहड़ी के त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। पंचकूला के अलग-अलग सेक्टरों में बड़े और छोटे दुकानदारों ने लोहड़ी की तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी हैं। गिफ्ट हैम्पर, मूंगफली, रेवड़ी, गजक और सजावटी सामान से दुकानें सजी हुई हैं, जो ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रही हैं।
रेडीमेड गिफ्ट हैम्पर की बढ़ी मांग
सेक्टर-11 स्थित अनुपम स्वीट्स पर लोहड़ी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। यहां अलग-अलग डिज़ाइन के गिफ्ट हैम्पर तैयार किए गए हैं। इन हैम्परों में ट्रैक्टर, झूला, पीढ़ा और अन्य पारंपरिक वस्तुओं को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दुकानदार हिम्मत ने बताया कि लोग रेडीमेड गिफ्ट हैम्पर को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, इससे समय की बचत होती है और उपहार भी ज्यादा आकर्षक लगता है।
32 साल से सजा रहे लोहड़ी का बाजार
सेक्टर-4 में दुकान चला रहे सुरेश ने बताया कि वे पिछले 32 वर्षों से लोहड़ी के मौके पर स्टॉल लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर साल मूंगफली, रेवड़ी, तिल, पॉपकॉर्न और गजक की मांग बनी रहती है, जिन्हें गिफ्ट हैम्पर में शामिल किया जाता है। अब ग्राहक पारंपरिक चीजों के साथ-साथ सुंदर सजावट पर भी खास ध्यान दे रहे हैं।
पहली बार स्टॉल, बिक्री को लेकर उम्मीद
सेक्टर-6 में विकास ने इस साल पहली बार लोहड़ी का स्टॉल लगाया है। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला अनुभव है और उन्हें त्योहार के चलते अच्छी बिक्री की उम्मीद है। विकास के अनुसार लोग खासतौर पर छोटे और किफायती गिफ्ट हैम्पर खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
बाजारों में उत्सव का माहौल
लोहड़ी को लेकर बाजारों में खरीदारी का उत्साह साफ नजर आ रहा है। पारंपरिक मिठाइयों और सजे-संवरे गिफ्ट हैम्परों ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया है।