चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने एंबुलेंस संचालकों के मनमाने दाम वसूलने, दवाइयों की कालाबाज़ारी व मुनाफाखोरी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। ऐसे मामलों में अभी तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि इन दिनों एंबुलेंस संचालकों के मनमाने दाम वसूलने के मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें सरकार पूरी तरह सख्ती से पेश आ रही है। दवाइयों की कालाबाजारी और एंबुलेंस के लिए अधिक पैसे वसूलने के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कोरोना मरीजों की जिंदगियां बचाने में जुटे डॉक्टरों, नर्सों, पैरा-मेडिकल स्टाफ, सरकारी कर्मचारियों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को सैल्यूट किया। विज ने उम्मीद जताई कि उनकी सहायता से हम कोरोना की इस जंग को अवश्य जीत पाएंगे।
लॉक डाउन पर शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा
गृह मंत्री अनिल विज कहा कि लॉकडाउन पर निर्णय शीघ्र ही लिया जाएगा। लॉकडाउन खत्म करना है या बढ़ाना है, कोरोना की स्थिति की समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा। लॉकडाउन के 5 दिन बीतने के बाद भी कोरोना संक्रमण के मामलों में कोई गिरावट न आने पर विज ने कहा कि इसका असर कुछ दिन बाद देखने को मिलेगा। सरकार ने अभी लॉकडाउन बढ़ाने पर कोई विचार नहीं किया है। अभी देश में कोरोना सियासत का मुद्दा बन गया है। उन्होंने कहा कि हौसला बढ़ाने की बजाय कांग्रेस हर रोज कोरोना से लड़ रहे लोगों का मनोबल गिराने का प्रयास कर रही है। इससे न केवल मरीजों का बल्कि हेल्थकेयर वर्कर्स का हौसला भी गिरता है।