पंचकूला। सेना के निर्माण कार्यों में धांधली और रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई ने सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल राहुल पवार, सूबेदार मेजर प्रदीप कुमार के अलावा ठेकेदार दिनेश कुमार व प्रीतपाल को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया।
अदालत में सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि हमें चारों आरोपियों से सबूत इकट्ठा करना है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करनी है। इसलिए इनका रिमांड दिया जाए। इस पर सीबीआई की विशेष अदालत ने चार दिन के रिमांड की स्वीकृति दे दी। चारों आरोपियों को 25 अगस्त को दोबारा सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
सीबीआई ने अंबाला में लेफ्टिनेंट कर्नल पवार के घर से आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ 32.5 लाख रुपये जब्त किए थे। निजी ठेकेदारों के घरों से 16 लाख रुपये जब्त किए गए। सीबीआई ने कहा कि सेना के दो अधिकारियों के खिलाफ रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज के टेंडरों के जरिये सेना के सरकारी कार्यालयों, क्वार्टरों और सड़कों की मरम्मत सहित अन्य कार्य होते हैं। ठेके के जरिये अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए यह टेंडर अलॉट किया जाता था।