मोरनी खंड के गांव बैहलों में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार रात करीब 11:45 बजे तेंदुआ हरदीप परमार के घर में घुस गया और वहां बंधे कुत्ते को उठाकर ले गया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ घर में घुसकर कुत्ते को अपने मुंह में दबाकर ले जा रहा है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों के साथ-साथ गांववासियों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी तेंदुआ हरदीप परमार के घर से दो-तीन कुत्तों को उठा ले जा चुका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब आबादी वाले क्षेत्रों और घरों के आसपास तक पहुंच रहा है, जिससे भविष्य में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से विनम्र अपील की है कि तेंदुआ की लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाए जाएं और इसका कोई स्थायी समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों को तेंदुए के आतंक से राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़ी घटना को होने से रोका जा सके।