पंचकूला। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पिंजौर की बिटना कॉलोनी निवासी अजय को मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (एमएसीटी) से राहत मिली है। ट्रिब्यूनल ने बीमा कंपनी को 3,46,051 रुपये मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। अजय ने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी।
याचिका के अनुसार, 26 जून 2017 को अजय अपने दोस्त राकेश कुमार के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। बाइक राकेश चला रहा था। पिंजौर रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अजय के दाहिने पैर में फ्रैक्चर समेत कई चोटें आईं। उसे सीएचसी कालका से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां वह करीब एक महीने भर्ती रहा।
अजय ने बताया कि हादसे के समय उसकी उम्र करीब 24 वर्ष थी और वह परवाणू के सेक्टर-1 स्थित प्रधानमंत्री कौशल केंद्र में मोबिलाइजर के पद पर काम करता था। उसे आठ हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसके माता-पिता भी उस पर निर्भर थे। हादसे के बाद स्थायी दिव्यांगता के कारण उसे नौकरी और चलने-फिरने में परेशानी होने लगी। ट्रिब्यूनल ने सुनवाई के बाद बीमा कंपनी को मुआवजे का भुगतान करने के आदेश दिए।