पंचकूला। वातावरण को स्वच्छ, सुंदर और शुद्ध बनाने के लिए जिले में पौधरोपण अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत इस वर्ष जिले में 25 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए एक-एक पौधा अवश्य लगाएं और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि पौधरोपण अभियान के तहत वन विभाग की ओर से खेतों में साढे़ तीन लाख सफेदे के पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा जल शक्ति अभियान, पौधगिरी और पौधों के मुफ्त वितरण कार्यक्रम के तहत जिले में साढे़ चार लाख पौधे वितरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक तय लक्ष्य का 48 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि बरसात के दौरान भवनों की छत पर इकट्ठा होने वाले बरसाती पानी को व्यर्थ होने से रोकने व उसके सद्पयोग के लिए वन विभाग सरकारी भवनों के साथ-साथ 48 सोक-पिट का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रणाली के माध्यम से वर्षा के पानी का सही उपयोग तो सुनिश्चित होगा ही साथ ही भूजल स्तर में भी वृद्धि होगी।
जिले में पर्यावरण के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में अनेक प्रयास किए जा रहे हैं, इसके परिणाम आने वाले कुछ समय में दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समय रहते आवश्यक कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि मॉनसून पौधरोपण के लिए उपयुक्त समय समझा जाता है। ऐसे में यदि जिला का प्रत्येक नागरिक एक-एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो निश्चित तौर पर ही अपने जिले को और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ व सुंदर बना सकते हैं।