आरोपी सागर गुलेरिया 7 दिन की पुलिस रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-1 सूरज थिएटर के पास से पुलिस ने फर्जी कैप्टन बनकर लाखों की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सागर गुलेरिया निवासी उजाला नगर जिला जालंधर पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में मनप्रीत कौर (नायक पद पर कार्यरत, पश्चिम बंगाल) ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने साल 2010 में पंजाब के पते पर एसबीआई में जॉइंट खाता खुलवाया था। वर्ष 2024 में चंडीमंदिर तैनाती के दौरान सतपाल सिंह को होम लोन की जरूरत थी। इसी दौरान उनके एक सहकर्मी सुरमुख सिंह ने उनकी बातचीत एक कैप्टन सागर गुलेरिया से करवाई।
सागर ने खुद को सेना में कैप्टन बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह कई फौजी कर्मचारियों को पर्सनल लोन दिला चुका है। विश्वास में लेकर सागर ने सतपाल से जरूरी दस्तावेज लिए और 8 मई 2024 को उनके खाते में 17.50 लाख रुपये का लोन पास करवा दिया। साथ ही सागर ने लोन पर सब्सिडी दिलवाने का बहाना बनाकर पूरी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली।
शिकायतकर्ता के अनुसार सागर लोन की राशि लौटाने में टालमटोल करता रहा। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सागर न तो सेना में कैप्टन है और न ही सेना से जुड़ा है। वह एक भगोड़ा आरोपी है। पुलिस ने सागर को अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।