केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा पर पिछले दिनों हुए पथराव के बाद कुछ ग्रामीण उनसे मिलने पंचकूला पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिसने ऐसी हरकत की थी, वे उन्हें नहीं जानते। इसके बावजूद पुलिस बार-बार उनके गांव मानकपुर आकर उन्हें परेशान कर रही है। सैलजा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि घबराने की जरूरत नहीं है। अब पुलिस बेवजह किसी को परेशान नहीं करेगी।
दरअसल, पिछले दिनों कालका से शिरडी जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए सैलजा कालका रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। वह ट्रेन की एक बोगी में बैठकर चंडीगढ़ के लिए निकलीं तो रास्ते में पिंजौर के गांव मानकपुर में बोगी पर पत्थर फेंके गए थे। एक पत्थर सैलजा के हाथ पर भी लगा था।
इसके बाद अज्ञात के खिलाफ कालका जीआरपी थाने में मामला भी दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच के लिए जीआरपी गांव मानकपुर गई और कई लोगोें से पूछताछ की। आरोप है कि पुलिस पूछताछ के नाम पर ग्रामीणों को परेशान कर रही है। इसलिए ग्रामीण सैलजा से मिलने इंद्रधनुष ऑडिटोरियम पहुंचे थे।