पंचकूला। सेक्टर-5 के शालीमार ग्राउंड में राज्य स्तरीय खादी और पीएमईजीपी संयुक्त प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को भी विभिन्न तरह के स्टाॅल सजे रहे। इस दौरान महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने खादी के सूट-सलवार, हाथ से बनाए गए स्वेटर और अन्य सामान को खरीदा।
विज्ञापन
इसमें पंचकूला के अलावा चंडीगढ़ और मोहाली सहित हरियाणा के अन्य जिलों के लोग खरीदारी करने आए। इसमें खादी प्रदर्शनी में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, नई दिल्ली, नागपुर और पुणे सहित विभिन्न राज्यों से करीब 100 स्टॉल लगाए गए हैं।
सेक्टर-20 से खरीदारी करने आई सुनीता मित्तल ने बताया कि खादी के कपड़े यहां हर प्रकार के दाम में मौजूद हैं। प्रदर्शनी में महिलाओं के लिए खादी की कुर्ती, बेडशीट सहित सभी सामान मिल रहा है। यहां मिलने वाले सभी उत्पाद स्वदेशी और पर्यावरण के अनुकूल हैं। इस दौरान लोगों ने यहां पर व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। इसमें मशरूम की जलेबी सहित सभी अन्य सामानों की लोगों ने खरीदारी की।