चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने शनिवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर उन्हें पंजाब सरकार की ओर से 31 जुलाई को सुनाम में आयोजित किए जा रहे शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
अरोड़ा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने केजरीवाल को शहीद ऊधम सिंह के बलिदान की ऐतिहासिक महत्ता से अवगत करवाया और बताया कि इस अवसर पर पंजाब सरकार एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर रही है। प्रतिनिधिमंडल में विधायक दविंदर सिंह लाडी ढोस, फौजा सिंह सरारी और अन्य नेता शामिल थे।
अमन अरोड़ा ने कहा कि ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिए लंदन जाकर माइकल ओडायर को मौत के घाट उतारा और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को एक नई प्रेरणा दी। केजरीवाल ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए उपस्थित रहेंगे। अरोड़ा ने केजरीवाल को शहीद ऊधम सिंह की तस्वीर स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की और उनका धन्यवाद किया।