पंचकूला। देवांग कौशिक के विस्फोटक शतक की बदौलत तलानोआ टाइगर्स ने चंद्रशेखर आजाद टी- 20 टूर्नामेंट में पंजाब पैंथर्स को 34 रनों से हराया। बुधवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइगर्स ने 20 ओवरों में 191 रन पर चार विकेट खोकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। कौशिक ने 59 गेंदों में 104 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
नाबाद कप्तान राज अंगद बावा (29) और अक्षित राणा (25) ने भी अहम योगदान दिया। पंजाब पैंथर्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए संघर्ष करती नजर आई और 157 ही 9 विकेट खोकर बना पाई। विकास कुमार (32 ) के अलावा कोई बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सका। हार्दिक चौधरी और तरनप्रीत सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए। दिन के दूसरे मुकाबले में मनोहऱ मैवरिक्स की मुश्किलें कम नहीं हुईं और उन्हें लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी। इस बार उन्हें सिटी चैलेंजर्स ने 16 रनों से हराया। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैवरिक्स की टीम 139 रन 9 विकेट पर बना पाई।
हालांकि, नाबाद गौरव पुरी (52 ) और भगमेंदर लाठर (50) ने शानदार अर्धशतक लगाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सिटी चैलेंजर्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें रणौता 19 रन देकर दो विकेट, अमृत लुबाना 21 रन देकर दो विकेट ने कसी हुई गेंदबाजी की। इससे पहले संगम सैनी (64) की शानदार पारी ने सिटी चैलेंजर्स को 155 रन पर 9 विकेट खोकर बनाया। भगमेंदर लाठर ने 25 रन देकर तीन विकेट गेंदबाजी में भी कमाल किया और मैन ऑफ द मैच बने, हालांकि उनकी टीम हार गई। इस मौके पर हरियाणा सीएम अतिरिक्त प्रमुख सचिव आईएएस डॉ. साकेत कुमार आईआरएस अमित कमार, यूटीसीएम अध्यक्ष संजय टंडन और चेयरमैन टूर्नामेंट डॉ. रूपेश सिंह की उपस्थिति में खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।