पंचकूला। मध्यप्रदेश से भुक्की लाकर पंचकूला और हिमाचल प्रदेश मेंं बेचने वाले ट्रक ड्राइवर को कालका थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का पहचान कालका के गांव नग्गल निवासी विक्रम उर्फ विक्की (36) के तौर पर हुई है। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के रिमांड पर भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज प्रवीण कुमार व उनकी टीम गश्त के दौरान सक्रिय थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रक चालक मध्यप्रदेश से चूरा पोस्त लाकर पंचकूला, कालका और पिंजौर क्षेत्रों में सप्लाई करता है। इसके बाद पुलिस ने सूरजपुर के पास सूखोमाजरी बाईपास पर जाल बिछाया और संदिग्ध ट्रक को रुकवाया। ट्रक की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे बनी सीट पर, एक कंबल के नीचे छिपा सफेद रंग का थैला मिला। थैले को खोलकर जांच की गई तो उसमें 12 किलो 270 ग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद हुई।