विश्व धरोहर रेलमार्ग पर अब छह में से तीन ट्रेनें रहेंगी बंद, सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने बढ़ाई प्रतिबंध अवधि
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलमार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने कालका-शिमला के बीच चलने वाली ''अप-मिक्स'' ट्रेन का संचालन 5 अगस्त तक स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही अब इस रेलखंड पर संचालित छह ट्रेनों में से तीन ट्रेनें 5 अगस्त तक बंद रहेंगी।
रेलवे बोर्ड की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले ''अप-मिक्स'' ट्रेन का संचालन 28 जुलाई तक रद्द किया गया था, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने के कारण प्रतिबंध अवधि बढ़ा दी गई है।
छह में से तीन ट्रेनों का संचालन प्रभावित
इससे पहले ट्रेन संख्या 52451 शिवालिक एक्सप्रेस और 52459 हिमदर्शन एक्सप्रेस को भी 27 जुलाई से 5 अगस्त तक अस्थायी रूप से रद्द किया जा चुका है। मानसून के दौरान कालका-शिमला रेलमार्ग पर भूस्खलन, पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
130 गैंगमैन कर रहे ट्रैक की निगरानी
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि कालका-शिमला रेल सेक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है। पूरे रेलखंड पर करीब 130 गैंगमैन तैनात किए गए हैं, जो भूस्खलन, मलबा गिरने या किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित स्टेशन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे मौसम और ट्रैक की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि परिस्थितियां सामान्य होते ही सुरक्षित ढंग से रेल संचालन बहाल किया जा सके।