कालका। बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा प्रेरणा गर्ग ने दोनों हाथों से एक साथ लिखते हुए दर्पण लेखन में 17 शब्द केवल 30 सेकेंड में लिखकर अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। लॉकडाउन के दौरान प्रेरणा ने इसका अभ्यास किया था।
प्रेरणा ने बताया कि दोनों हाथों से लिखना पहले से पसंद था। 12वीं की परीक्षा के बाद लॉकडाउन का समय था और वह खाली थी। इस दौरान उसने अपनी इस कला को एक नया आयाम दिया। प्रेरणा ने एक हाथ से ऊपर से नीचे शब्द लिखे जबकि दूसरे हाथ से नीचे से ऊपर की ओर उल्टे शब्द लिखे, जिन्हें दर्पण की मदद से साफ पढ़ा जा सकता है। इसके निरंतर अभ्यास से वह इसमें सफल हो गई।
प्रेरणा ने बताया कि इंडिया बुक्स ऑफ रिकॉर्ड के लिए पुरस्कार मिल चुका है। उसने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भी आवेदन किया है। प्रेरणा पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहती है। अपनी इस मेहनत के पीछे वह अपनी मां का हाथ मानती हैं। प्रेरणा का कहना है कि मां ने बड़े मुश्किल हालात में उसे पढ़ाया है।