बिजली बिल समस्या को लेकर शनिवार को एडवोकेट नवदीप शर्मा के नेतृत्व में शहरवासियों ने कालका विधायक लतिका शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें बिजली निगम द्वारा बिलों में की जा रही वृद्धि को वापस लेने और 22-24 दिनों के बाद बिजली बिल दिए जाने के निर्णय को वापस लेने की मांग की गई है।
लोगों नेे ज्ञापन के जरिए मांग की कि कंज्यूमर से फ्यूल चार्जिंग एडजेस्टमेंट के नाम पर वसूली जा रही राशि, मीटर धीरे चलने के नाम पर ली जाने वाली रकम, आडिट के नाम पर कंज्यूमर से वसूले जा रहे पैसे को खत्म किया जाए। नवदीप शर्मा ने बताया कि जो बिल पहले दो महीने में आता था अब वह एक महीने में आने लगा है। पहले विभाग द्वारा 80 यूनिट तक 2.70 रुपये वसूले जाते थे तथा 80 यूनिट के ऊपर बिजली खर्च करने पर 4.50 रुपये वसूले जाते थे, लेकिन अब यदि उपरोक्त 101 यूनिट यानी 1 यूनिट अधिक प्रयोग कर देता है तो उससे एक यूनिट से लेकर 101 यूनिट पर 4.50 रुपये प्रति यूनिट (फ्लैट रेट) वसूला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि फ्लैट रेट ही लेना है तो मीटर की क्या आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि शहरवासी का कहना है कि हरियाणा में अधिकांश गांवों में जहां सीधे कुंडी कनेक्शन लगा कर भरपूर बिजली प्रयोग की जा रही है और उन गांव के लोगों द्वारा बिल भी अदा नही किए जाते हैं। नवदीप शर्मा ने बताया कि विधायक लतिका शर्मा ने उक्त मांगों को लेकर जल्द ही एक बैठक करने का आश्वासन दिया है, जिसमें बिजली विभाग के उच्चाधिकारी भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि विधायक लतिका शर्मा शीघ्र अति शीघ्र शहरवासियों की इस समस्या का निपटारा करवा देंगी। इस अवसर पर भारी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।