संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। रेलवे ने कालका से अंबाला के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 54532 कालका-अंबाला पैसेंजर ट्रेन को शुक्रवार से 15 नवंबर तक अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। इस ट्रेन के रैक को छठ पूजा और मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए अंबाला भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह पैसेंजर ट्रेन प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे कालका रेलवे स्टेशन से अंबाला कैंट के लिए रवाना होती थी। कालका से पिंजौर, सूरजपुर, चंडीमंदिर और चंडीगढ़ होते हुए अंबाला तक जाने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों के लिए यह ट्रेन किफायती आवागमन का प्रमुख साधन थी।
छठ स्पेशल ट्रेनों में होगा रैक का इस्तेमाल
छठ महापर्व के मद्देनजर रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसी व्यवस्था के तहत कालका-अंबाला पैसेंजर ट्रेन के डिब्बों को अंबाला भेजा गया है, जहां इनका इस्तेमाल मेला और छठ पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन में किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन 15 नवंबर तक रद्द रहेगी।
बसों और निजी वाहनों पर निर्भर होंगे यात्री
दोपहर के समय इस ट्रेन के बंद होने से चंडीगढ़ और अंबाला की ओर जाने वाले स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यात्रियों को अब बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा। यात्रियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान लोकल पैसेंजर ट्रेन को बंद करने के बजाय रेलवे को अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि स्थानीय यात्रियों को परेशानी न हो।