संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। बिटना स्थित आईटीआई फॉर वूमेन में संस्थान का वार्षिक दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन डॉ. ऋषव शर्मा मुख्य अतिथि व संजीव कौशल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती देवी की आराधना से हुआ, जिसकी सुंदर प्रस्तुति आईटीआई की छात्राओं ने दी। इसके बाद छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. ऋषव शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों में कुशल कारीगरों की बहुत मांग है। आईटीआई कुशल कारीगरों को तैयार करने में महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनकी जानकारी प्रत्येक छात्रा को होनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि संजीव कौशल ने कहा कि उनको अपने लक्ष्य की प्राप्ति में आने वाली बाधाओं को एक चुनौती के रूप में लेना चाहिए और अपने आत्मविश्वास,आत्मशक्ति, एकाग्रता, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ लक्ष्य को प्राप्त करने में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक सफल महिला, समाज के लिए एक बेहतरीन आदर्श प्रस्तुत कर सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई प्रधानाचार्या राजबाला वर्मा ने की। समारोह में बलबीर सिंह, रजनी रोजरा वर्ग अनुदेशिका, अनुदेशिकाएं चंद्रलता, सुचेता शर्मा, पूजा रानी, राजबाला, मीना, रेखा व रीनू अनुदेशिका तथा सोनम, प्रीति, मधु, आलोक, दीपक, रोहित सहित आईटीआई के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।