एचएसआईआईडीसी को हराया, शुभम गुर्जर बने मैन ऑफ द मैच, नरिंदर सिंह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम के क्रिकेट मैदान में खेले गए लीग मुकाबले में सिंचाई विभाग ने एचएसआईआईडीसी को 68 रन से पराजित किया। मैच की शुरुआत टॉस के साथ हुई, जिसमें सिंचाई विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंचाई विभाग पंचकूला ने निर्धारित 25 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचएसआईआईडीसी की टीम 21 ओवर में 125 रन पर सिमट गई।
बल्लेबाज शुभम गुर्जर ने 64 गेंदों पर 92 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब दिया गया।
गेंदबाजी में नरिंदर सिंह ने 5 ओवर में 21 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा अजय खोखर ने 32 गेंदों में 37 रन (5 चौके) और मोहन शर्मा ने 22 गेंदों में 30 रन (3 चौके) बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गेंदबाजी में नेगी ने 5 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट तथा दीपक ने 3 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।