माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। बिना परमिशन शहर में लगे विज्ञापनों को 24 घंटे के भीतर हटाने के निर्देश जारी हुए हैं। यह आदेश इंजीनियरिंग विंग, प्रॉपर्टी टैक्स, टाउन प्लानिंग और अकाउंट्स ब्रांच की बैठक के दौरान निगम आयुक्त सचिन गुप्ता ने दिए। बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों से निगम क्षेत्र में जगह-जगह लगे विज्ञापनों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया की शहर में लगे विज्ञापनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि एक दिन में बिना परमिशन लगे विज्ञापनों को हटा दिया जाए। इसके बाद आयुक्त ने निगम क्षेत्र में लगे यूनिपोल्स की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया की पंचकूला में कुल 19 यूनीपोल हैं। उसकी हालत खराब है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि एक हफ्ते में इन खराब यूनिपाेल को हटा दिया जाएगा। आयुक्त ने कहा कि जो भी कंपनियां अवैध रूप से नगर निगम क्षेत्र में विज्ञापन कर रही हैं, उन्हें म्युनिसिपल एडवरटाइजमेंट नियम के अनुसार नोटिस दिया जाए और उनसे निर्धारित जुर्माना राशि भी वसूली जाए।
पीएम स्वनिधि की प्रोग्रेस रिपोर्ट पर भड़के आयुक्त
नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों से पीएम स्वनिधि की प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी। इस पर अधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी फड़ी के लोन के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। अधिकारियों की रिपोर्ट से असंतुष्ट होने पर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी जल्द और टीमों का गठन करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों का लोन करवाएं। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी जल्द सभी बैंकों की एक बैठक बुलाए ताकि पेंडिंग आवेदनों का बैंकों द्वारा जल्द निपटान करवाया जा सके। बैठक में एसई विजय गोयल, जेडटीओ आकाश कपूर, एक्सईएन प्रमोद कुमार, सुमित मलिक, अजय पंघाल, अकाउंट्स ऑफिसर विशाल कुमार, एसडीओ अजय गौतम, राजेश चंदेल, मनोज एहलावत, एसएमआईडी राजेंद्र कुमार, दिशा मौजूद रहे।